बलिया में आर्थिक विकास को मिलेगी रफ्तार, स्वरोजगार पर डीएम का जोर

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य पर डीएम गंभीर, कृषि-पशुपालन और उद्योग को बढ़ावा देने पर जोर*

*बलिया में आर्थिक विकास को मिलेगी रफ्तार, स्वरोजगार पर डीएम का जोर*

*किसानों को जैविक खेती के लिए प्रेरित करें अधिकारी : डीएम*

बलिया। प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन डॉलर के स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला ओटीडी सेल की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, रोजगार के नए अवसर सृजित करने और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने को लेकर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे लोगों को स्वरोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करें।

उन्होंने प्राथमिक क्षेत्र में कृषि एवं कृषि से जुड़ी गतिविधियों जैसे पशुपालन, मधुमक्खी पालन, रेशम पालन, मुर्गी पालन, डेयरी फार्मिंग, मत्स्य पालन तथा वन आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। इसी प्रकार द्वितीयक क्षेत्र में विनिर्माण, निर्माण, विद्युत, गैस एवं जलापूर्ति जैसी गतिविधियों तथा तृतीयक क्षेत्र में बैंकिंग, परिवहन, व्यापार, होटल एवं रेस्टोरेंट, बीमा, संचार, सामुदायिक सेवाओं और लोक प्रशासन से जुड़ी सेवाओं को विकसित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मत्स्य पालन, बकरी पालन एवं मुर्गी पालन जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही उद्योग विभाग के माध्यम से पात्र लोगों को पांच लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि लोग स्वरोजगार अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकें।

उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं के बारे में आमजन को जागरूक करने पर भी बल दिया। कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जैविक खेती पर विशेष ध्यान दिया जाए। किसानों को जैविक कृषि अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए और कृषि क्षेत्र में उत्पादन एवं आय बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि ब्लॉक, जिला और पंचायत स्तर पर संचालित सभी योजनाओं को बेहतर ढंग से विकसित किया जाए, ताकि उनका लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिल सके। सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को अपने-अपने विभाग की योजनाओं के तहत किए गए अच्छे कार्यों की एक मिनट की वीडियो तैयार कर सिटी मजिस्ट्रेट को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इन वीडियो को शहर में स्थापित एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे आमजन को सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी मिल सके।

 


साथ ही जिले में बंद पड़ी दुग्ध डेयरी को पुनः चालू कराने का मुद्दा भी उठाया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी से डेयरी को दोबारा संचालित करने के लिए कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। इसके अलावा जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को व्यापार एवं निर्यात को बढ़ावा देने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने और उन्हें उपलब्ध अवसरों एवं योजनाओं की जानकारी देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कृषि, पशुपालन, उद्योग, व्यापार और सेवा क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को गति देकर जिले के विकास में योगदान दिया जा सकता है। बैठक में सीडीओ आलोक कुमार, डीडीओ आनंद प्रकाश, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सीएमओ डॉक्टर अभय कुमार राय एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
———-

Share करें

✓ Link copy हो गया!

One Response

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें