बलिया। शिक्षा क्षेत्र गड़वार के कनैला स्थित प्राथमिक विद्यालय नवीन पोखरा में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से कक्षा चार के छात्र अरशद अहमद की मौत के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बीएसए मनीष कुमार सिंह ने प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय शंकर और सहायक अध्यापक अनिल कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, शिक्षामित्र दीपचन्द राम की सेवा समाप्त करने के लिए ग्राम शिक्षा समिति को पत्र लिखा गया है।

जानकारी के अनुसार, विशुकिया निवासी मो. इजहार अहमद का 12 वर्षीय पुत्र अरशद अहमद प्राथमिक विद्यालय नवीन पोखरा में कक्षा चार का छात्र था। आरोप है कि सोमवार की सुबह स्कूल पहुंचने पर उसे विद्यालय की छत पर चढ़कर लौकी तोड़ने के लिए कहा गया था। इसी दौरान वह हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

प्रकरण में खंड शिक्षा अधिकारी की प्रथम दृष्टया जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने दोनों शिक्षकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है। बीएसए मनीष कुमार सिंह के अनुसार, शिक्षकों द्वारा पर्यवेक्षण में शिथिलता और अपने दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता बरतने के प्रथम दृष्टया आरोपों के आधार पर उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली 1999 के तहत कार्रवाई की गई है।
बीएसए ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी। जांच में दोष सिद्ध होने पर सेवा समाप्ति सहित अन्य विभागीय कार्रवाई भी संभव है।
थाना नरही जनपद बलिया पुलिस टीम द्वारा गो-तस्करी से संबंधित 02 नफर वांछित अभियुक्त गिरफ्तार ।









