दीपावली मेले में बालिकाओं ने बिखेरे हुनर के रंग, डीएम ने बांटे उपहार

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राजकीय बाल गृह बालिका निधरिया में सजा दीपावली का मेला, डीएम ने किया शुभारंभ

बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाना जरूरी, डीएम ने दिया सकारात्मक सोच का संदेश

दीपावली मेले में बालिकाओं ने बिखेरे हुनर के रंग, डीएम ने बांटे उपहार

बालिकाओं के हुनर और आत्मविश्वास को देख गदगद हुए जिलाधिकारी

बलिया। महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय बाल गृह बालिका निधरिया में शासन के निर्देश पर दीपावली पर्व के दृष्टिगत ‘तरंग’ कार्यक्रम के तहत भव्य मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बुधवार को दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेंद्र कुमार पौत्स्यायन ने जिलाधिकारी का अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने संस्था की गतिविधियों और व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि यहां 11 जनपदों की बालिकाएं आवासित हैं। वर्तमान में संस्था में 98 बालिकाओं के साथ उनके सात बच्चे भी रह रहे हैं। दीपावली मेले में बालिकाओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए अपने हाथों से आकर्षक दीपक एवं विभिन्न प्रकार की सजावटी सामग्रियां तैयार की थीं।

 

जिलाधिकारी ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर बालिकाओं के हुनर और मेहनत की सराहना की। इसके साथ ही बालिकाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों, विशेषकर पानीपुरी सहित अन्य खाद्य सामग्रियों का भी आनंद लिया और उनकी प्रशंसा की। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में हमेशा सकारात्मक सोच रखनी चाहिए। इंसान से गलतियां होना स्वाभाविक है, लेकिन उन गलतियों से सीख लेकर स्वयं को बेहतर इंसान बनाना ही सफलता का मार्ग है।

उन्होंने कहा कि सभी को समाज में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए आगे आना चाहिए। शारीरिक और बौद्धिक विकास के साथ आर्थिक रूप से सशक्त बनना भी बेहद जरूरी है, ताकि महिलाएं आत्मनिर्भर होकर अपने जीवन के फैसले स्वयं ले सकें। जिलाधिकारी ने बालिकाओं से उनके भविष्य के सपनों के बारे में भी जानकारी ली। इस पर कई बालिकाओं ने शिक्षक और अधिकारी बनने की इच्छा व्यक्त की। उनकी मांग पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को संस्था में कमर्शियल आरओ (रिवर्स ऑस्मोसिस) लगाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बालिकाओं को दीपावली के उपहार स्वरूप वस्त्र एवं मिठाइयां भेंट कीं। कार्यक्रम में राजकीय बाल गृह बालिका की अधीक्षिका अमित रानी जैन, बाल कल्याण समिति के सदस्य कुंवर नमो नारायण एवं प्रदीप राय, हब से अंजलि एवं निकिता सिंह, चाइल्डलाइन से आकांक्षा राय तथा प्रोबेशन कार्यालय से विजय वर्मा, हरिकेश, जयप्रकाश, प्रमोद पांडेय सहित संस्था के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें