विषय : बैरिया विधानसभा में वृहद रोजगार मेले का आयोजन, 612 अभ्यर्थियों को मिला जॉब ऑफर
उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत दिनांक 04 नवंबर, 2026 को बैरिया विधानसभा क्षेत्र के श्री सुदृष्टि बाबा स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सुदिष्टपुरी, रानीगंज, बलिया में वृहद रोजगार मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री वीरेन्द्र सिंह मस्त जी, पूर्व सांसद, लोकसभा क्षेत्र बलिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके आगमन एवं मार्गदर्शन से कार्यक्रम की गरिमा और उत्साह में विशेष वृद्धि हुई।

रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों जैसे अदानी सोलर, फ्लिपकार्ट, अतुल ऑटोमोबाइल, टाटा मोटर्स, L&T, केल्विन पाइप, विशाल बियरिंग, MRF टायर्स, सिल्वर कंज्यूमर इलेक्ट्रिक सहित कुल 25 कंपनियों ने प्रतिभाग किया और जनपद के युवाओं को रोजगार के विभिन्न अवसर उपलब्ध कराए।

इस वृहद रोजगार मेले में लगभग 1800 अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता, तकनीकी दक्षता, कौशल एवं अनुभव के आधार पर चयन प्रक्रिया संपन्न की गई। चयन प्रक्रिया के उपरांत विभिन्न कंपनियों द्वारा कुल 612 अभ्यर्थियों को जॉब ऑफर लेटर प्रदान किए गए। इस प्रकार रोजगार मेले के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिला।

मुख्य अतिथि श्री वीरेन्द्र सिंह मस्त जी, पूर्व सांसद, बलिया ने अपने संबोधन में युवाओं को रोजगार के अवसरों का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा अपने कौशल एवं योग्यता में निरंतर वृद्धि करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने, मेहनत एवं लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने तथा उपलब्ध अवसरों का सदुपयोग कर अपने भविष्य को बेहतर बनाने का संदेश दिया। उन्होंने रोजगार मेले के आयोजन को युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं सुचारु क्रियान्वयन में जिला सेवायोजन अधिकारी श्री विवेकानन्द सिंह, प्राचार्य- डॉ संतोष कुमार सिंह, श्री सुदृष्टि बाबा स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सुदिष्टपुरी, खंड विकास अधिकारी बैरिया श्री आदित्य कुमार सिंह तथा सेवायोजन कार्यालय के समस्त कर्मचारिय उपस्थित रहें। कार्यक्रम का मंच संचालन श्री रोहित पाठक द्वारा किया गया।
आगामी वृहद रोजगार मेला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बांसडीह, बलिया में दिनांक-06 नवंबर, 2026 को प्रातः 10 बजे से आयोजित होगी।








