गुजरात की तर्ज पर यूपी में भी होगा डेयरी सेक्टर का विस्तार : जिलाधिकारी
खेती के साथ डेयरी, मुर्गी और बकरी पालन से बढ़ाएं आमदनी : जिलाधिकारी
चार साल तक ब्याज मुक्त मिलेगा पांच लाख का लोन, युवाओं को उद्यमी बनाने की पहल
बलिया। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने बुधवार को विकास खण्ड चिलकहर के अंतर्गत ग्राम जिगनी खास में स्थित बनास डेयरी का फीता काटकर उद्घाटन किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ग्रामीण अर्थव्यवस्था और डेयरी उद्योग को मजबूत करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास शुरू किए गए हैं और गुजरात की तर्ज पर उत्तर प्रदेश के जनपदों में भी डेयरी सेक्टर और पशुपालन का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार का मुख्य उद्देश्य हर परिवार को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाना है। इसके लिए हर गांव और ब्लॉक स्तर पर सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाई जाएगी और पशुपालकों को सब्सिडी प्रदान की जाएगी।

साथ ही उन्नत नस्ल की गायों को लाने और कृत्रिम गर्भाधान की आधुनिक तकनीकों (जिससे केवल बछिया ही पैदा हो सके) के प्रयोग पर बल दिया जा रहा है। जगह-जगह लैब स्थापित करने और सहकारिता समितियों को जोड़ने का काम जारी है ताकि उत्तर प्रदेश को डेयरी उत्पादन का एक बड़ा हब बनाया जा सके। साथ ही युवाओं और किसानों को स्वरोजगार तथा व्यापार से जोड़ने के लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की है। सभा को संबोधित करते हुए बताया गया कि ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना’ के अंतर्गत युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए 5 लाख रुपये तक का लोन दिया जा रहा है।

इस लोन पर अगले 4 वर्षों तक न तो कोई ब्याज लगेगा और ना ही किसी गारंटी की आवश्यकता होगी। सरकार इसे बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने पर भी विचार कर रही है। एकीकृत कृषि पर जोर देते हुए कहा कि केवल पारंपरिक खेती (जैसे गेहूं- चावल) पर निर्भर रहने के बजाय किसानों को डेयरी, कुक्कुट पालन (पोल्ट्री), बकरी पालन, और मत्स्य पालन (मछली पालन) जैसे व्यवसायों को अपनाना चाहिए। इसके अलावा गोबर से जैविक खाद (वर्मी कम्पोस्ट) और सीबीडी प्लांट (CBG/बायोगैस) लगाने जैसे उप-उत्पादों पर काम करके किसान अपनी आय कई गुना बढ़ा सकते हैं।

युवाओं के लिए जल्द ही कौशल विकास और ट्रेनिंग सेमिनार आयोजित किए जाएंगे ताकि वे नौकरियों पर निर्भर रहने के बजाय खुद का उद्योग स्थापित कर सकें। साथ ही जिलाधिकारी ने पीपल का पेड़ लगाकर डेयरी फार्म के चारों तरफ भ्रमण कर भूमि के बारे में जानकारी ली।









One Response