दीपावली पर्व के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग की विशेष प्रवर्तन कार्रवाई,

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दीपावली पर्व के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग की विशेष प्रवर्तन कार्रवाई, 08 नमूने संग्रहित एवं लगभग 67किलोग्राम खाद्य पदार्थ नष्ट कराए गए

आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत जनपद बलिया में आम जनमानस को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा मिठाई निर्माण इकाइयों एवं विक्रय प्रतिष्ठानों पर विशेष निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान निम्नलिखित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए—

1. न्यू श्री कामधेनु स्वीट्स, बलिया से दूध एवं बूंदी लड्डू के कुल 02 नमूने संग्रहित किए गए। प्रतिष्ठान पर लगभग 27 किलोग्राम एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ, जिसकी अनुमानित कीमत ₹12,640/- थी, को मौके पर नष्ट कराया गया।
2. न्यू छप्पन भोग स्वीट्स, बलिया से बूंदी दाना एवं खोया के कुल 02 नमूने संग्रहित किए गए।
3. संजय कुमार गुप्ता, तहसील मोड़, बैरिया (माझी रोड) स्थित मिठाई निर्माणशाला से रंगीन रसगुल्ला एवं गुलाब जामुन के कुल 02 नमूने संग्रहित किए गए।
4. मधु मिलन मिष्ठान भंडार, बैरिया की मिठाई निर्माणशाला से खोया का 01 नमूना संग्रहित किया गया।
5. शिवांगी मिष्ठान भंडार, इंदरपुर चट्टी, पांडेपुर (गड़वार मार्ग) से पेड़ा का 01 नमूना संग्रहित किया गया।

इस प्रकार विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 08 खाद्य नमूने संग्रहित कर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की गई।

फूड सेफ्टी ऑन व्हील के माध्यम से जनजागरूकता एवं जांच

विभागीय मोबाइल खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला फूड सेफ्टी ऑन व्हील (FSW) के माध्यम से कोतवाली रोड, रसड़ा में खाद्य कारोबारियों एवं आम उपभोक्ताओं, लगभग 50 लोगों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षित खाद्य सेवन के संबंध में जागरूक किया गया।

मोबाइल प्रयोगशाला के माध्यम से मौके पर की गई जांच के आधार पर लगभग 40 किलोग्राम मिठाइयों, जिनमें बूंदी लड्डू, इमरती एवं डोडा बर्फी शामिल थीं, को नष्ट कराया गया। उक्त मिठाइयों में रंगों का अत्यधिक प्रयोग तथा बासी एवं अस्वास्थ्यकर स्थिति पाए जाने के कारण यह कार्रवाई की गई।

मिठाई निर्माणशालाओं पर विशेष निगरानी एवं कठोर कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिठाई निर्माताओं की दुकानों के साथ-साथ उनकी निर्माणशालाओं पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभाग द्वारा मिठाई निर्माताओं एवं विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने, स्वच्छ वातावरण में मिठाइयों का निर्माण एवं विक्रय करने तथा खाद्य पदार्थों पर नियमानुसार निर्माण एवं उपयोग की अंतिम तिथि अंकित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के आधार पर संबंधित खाद्य कारोबारियों को सुधार सूचना जारी की जा रही है। निर्धारित समयावधि में अपेक्षित सुधार न किए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अंतर्गत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें लाइसेंस/पंजीकरण निलंबित किए जाने की कार्रवाई भी सम्मिलित है।

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा आम जनमानस से अपील की जाती है कि दीपावली पर्व पर मिठाइयां एवं अन्य खाद्य पदार्थ विश्वसनीय प्रतिष्ठानों से ही खरीदें तथा मिलावटी, बासी अथवा अस्वच्छ खाद्य पदार्थों की बिक्री की सूचना विभाग को दें।

(जे.पी. सिंह)
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन
जनपद–बलिया

Share करें

✓ Link copy हो गया!

One Response

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें