*सरदार पटेल की जयंती पर डीएम ने दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ*
*सरदार पटेल के आदर्शों पर चलकर मजबूत राष्ट्र का करें निर्माण : डीएम*
*लौह पुरुष सरदार पटेल की जयंती पर एकता और अखंडता का लिया संकल्प*
बलिया। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश की सुरक्षा बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व से देश की 565 से अधिक रियासतों को भारतीय संघ में शामिल कराने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी।

जिलाधिकारी ने कहा कि सरदार पटेल के प्रयासों से ही एक मजबूत और एकीकृत भारत का निर्माण संभव हो सका। उनका जीवन हमें राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और अखंडता बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे आपसी सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करते हुए देश की प्रगति में अपना योगदान दें। कार्यक्रम में सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सीडीओ आलोक कुमार, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
तीन विधानसभा क्षेत्रों में लगेगा वृहद रोजगार मेला, 25 से अधिक कंपनियां करेंगी भर्ती









