विद्युत एक्सईएन का एक दिन का वेतन काटने का आदेश, नलकूप अधिकारी को फटकार

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम सख्त, 92 शिकायतों में 11 का मौके पर निस्तारण

विद्युत एक्सईएन का एक दिन का वेतन काटने का आदेश, नलकूप अधिकारी को फटकार

फरियादियों की शिकायतों पर डीएम सख्त, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण का निर्देश

बलिया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील सिकंदरपुर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, पेंशन, नाली निर्माण, विद्युत समस्या सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 92 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान विद्युत विभाग के एक्सईएन के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए उनका एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया। वहीं, नलकूप विभाग की कार्यप्रणाली में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई और चेतावनी दी कि कार्यप्रणाली में सुधार लाएं, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।

 


जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिजली से संबंधित शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में जर्जर विद्युत तारों और लटकते तारों की जानकारी देने को कहा, ताकि समय रहते उन्हें दुरुस्त कराया जा सके और किसी अप्रिय घटना की आशंका न रहे। इसके बाद जिलाधिकारी ने लेखपालों और कानूनगो के साथ बैठक कर राजस्व संबंधी मामलों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर विवादित स्थलों का निरीक्षण करने और समस्याओं का समाधान कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा। उन्होंने जनपदवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर पर एसडीएम सिकंदरपुर, तहसीलदार एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

One Response

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें