*ददरी मेले में उमड़ने लगे देशभर के पशु व्यापारी, डीएम ने परखी व्यवस्थाएं*
*छह साल बाद ददरी मेले की लौटेगी रौनक, तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे डीएम*
*ददरी मेले में पशु लेकर आने वाले व्यापारियों को नहीं रोकेगी पुलिस, एसएचओ को निर्देश*
*पीलीभीत, हरियाणा, पंजाब और बिहार के व्यापारी पहुंचे बलिया, सजने लगा ददरी मेला*
बलिया। जनपद की ऐतिहासिक पहचान और देश के प्रमुख पारंपरिक मेलों में शुमार ददरी मेला छह साल के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर अपनी पुरानी रंगत में लौटने को तैयार है। पारंपरिक पशु मेले के आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने गुरुवार को पशु मेला परिसर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मेले में पशुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने नगर पालिका अध्यक्ष और नगर मजिस्ट्रेट के साथ मेला परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मेले के सफल आयोजन और व्यापारियों एवं दर्शकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक जानकारी ली।

*पीलीभीत, हरियाणा, पंजाब और बिहार से पहुंचने लगे व्यापारी*
करीब छह साल बाद पारंपरिक पशु मेले के पुनः आयोजन को लेकर पशु व्यापारियों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है। मेले में पीलीभीत के साथ हरियाणा, पंजाब, बिहार सहित अन्य राज्यों से व्यापारी अपने पशुओं के साथ पहुंचने लगे हैं। बाहरी राज्यों से व्यापारियों के आगमन के साथ ही मेला क्षेत्र में रौनक बढ़ने लगी है। ददरी मेले की परंपरा के अनुसार इसकी शुरुआत पशु मेले से होती है, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से व्यापारी और पशुपालक हिस्सा लेते हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजेगा मेला
प्रशासन की ओर से इस बार ददरी मेले को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है। मेले में आने वाले व्यापारियों और दर्शकों के मनोरंजन के लिए उच्च स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। अधिकारियों ने देशभर के पशु व्यापारियों और आमजन से इस ऐतिहासिक मेले में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की है।

*बॉर्डर और रास्तों पर व्यापारियों को नहीं होगी परेशानी*
जिलाधिकारी ने कहा कि दूसरे राज्यों से पशु लेकर आने वाले व्यापारियों को रास्ते, पुल और सीमावर्ती क्षेत्रों में होने वाली संभावित परेशानियों को लेकर भी प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि जनपद के सभी संबंधित थाना प्रभारियों (एसएचओ) को निर्देशित किया गया है कि ददरी मेले में पशु लेकर आने वाले व्यापारियों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उनकी आवाजाही सुगम बनाई जाए और सीमावर्ती क्षेत्रों में किसी तरह की अनावश्यक बाधा उत्पन्न न हो। प्रशासन की इस पहल से बाहरी राज्यों से आने वाले पशु व्यापारियों को राहत मिलने की उम्मीद है। छह साल बाद आयोजित हो रहे पशु मेले को लेकर अब व्यापारियों के साथ-साथ बलिया के लोगों में भी उत्साह बढ़ने लगा है। निरीक्षण में सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, चेयरमैन संत कुमार गुप्ता उर्फ मिठाई साल एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।









