संविधान दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत, जनपद बलिया द्वारा नागा जी सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, माल्देपुर में ‘विकसित भारत युवा संवाद – संविधान दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा, जिला युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार, विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेंद्र त्रिपाठी तथा यूथ आइकन नितिका सिंह एवं अजय विश्वकर्मा सहित 400 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने युवाओं को संविधान दिवस के महत्व एवं संवैधानिक मूल्यों से अवगत कराते हुए अपने मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। वहीं, विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेंद्र त्रिपाठी ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराते हुए युवाओं को संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।

यूथ आइकन नितिका सिंह ने युवाओं को भारत सरकार द्वारा संचालित ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के उद्देश्यों एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में जानकारी दी। वहीं, यूथ आइकन अजय विश्वकर्मा ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा हाल के दशकों में देश की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति पर प्रकाश डाला। उन्होंने नक्सलवाद के उन्मूलन की दिशा में किए गए प्रयासों तथा यूपीआई जैसी डिजिटल भुगतान व्यवस्था की उपलब्धियों से भी युवाओं को अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं के साथ संविधान, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों एवं नशामुक्त भारत जैसे विषयों पर संवाद किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में संवैधानिक जागरूकता विकसित करने, उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने तथा विकसित भारत @2047 के संकल्प में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।









