बलिया। पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को शैक्षणिक सत्र 2027-28 में कक्षा छह और नौ में प्रवेश दिलाने के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक पात्र बच्चे 20 नवंबर 2026 से पांच जनवरी 2027 तक ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upbocw.in के माध्यम से किया जा सकता है। ऑफलाइन आवेदन श्रम विभाग, बलिया में जमा होंगे।

उन्होंने बताया कि योजना का लाभ ऐसे अद्यतन एवं विधिवत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को मिलेगा, जिनके माता-पिता ने 30 अक्टूबर 2026 तक पंजीकरण के बाद बोर्ड की सदस्यता के कम से कम तीन वर्ष पूरे कर लिए हों। एक श्रमिक परिवार के अधिकतम दो बच्चे प्रवेश के लिए पात्र होंगे। इसके अलावा कोविड अवधि के दौरान अनाथ हुए ऐसे बच्चे भी आवेदन कर सकते हैं, जिनका महिला एवं बाल कल्याण विभाग में पंजीकरण है अथवा जो मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लिए पात्र हैं। कक्षा छह और नौ के लिए निर्धारित पात्रता कक्षा छह में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का शैक्षणिक सत्र 2027-28 में कक्षा पांच में अध्ययनरत होना अथवा कक्षा पांच उत्तीर्ण होना आवश्यक है। अभ्यर्थी की जन्मतिथि एक मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होनी चाहिए। दोनों तिथियां भी मान्य होंगी। वहीं, कक्षा नौ में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का सत्र 2027-28 में कक्षा आठ में अध्ययनरत अथवा कक्षा आठ उत्तीर्ण होना जरूरी है। इसके लिए जन्मतिथि एक मई 2012 से 31 जुलाई 2014 के बीच निर्धारित की गई है। इसमें भी दोनों तिथियां शामिल हैं। आवेदन के साथ लगाने होंगे ये दस्तावेज आवेदन के लिए माता या पिता का श्रमिक पहचान पत्र, माता-पिता एवं बच्चे का आधार कार्ड, परिवार रजिस्टर की नकल और बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र देना होगा। इसके अलावा जाति प्रमाण पत्र, मनरेगा जॉब कार्ड अथवा कार्य का प्रमाण पत्र भी आवश्यक होगा।
कक्षा छह के लिए कक्षा पांच की उत्तीर्ण अंकतालिका अथवा अध्ययनरत होने का प्रमाण पत्र तथा कक्षा नौ के लिए कक्षा आठ की उत्तीर्ण अंकतालिका अथवा अध्ययनरत होने का प्रमाण पत्र संलग्न करना होगा। इन शैक्षणिक प्रमाण पत्रों पर UDISE कोड और PAN नंबर अंकित होना चाहिए। साथ ही बच्चे की दो पासपोर्ट साइज फोटो भी जमा करनी होंगी। अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें प्रवेश परीक्षा और आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक अभिभावक कार्यालय श्रम प्रवर्तन अधिकारी, जापलिनगंज, बलिया से संपर्क कर सकते हैं।







