बलिया। बलिया में साइबर ठगी के मामले में थाना मनियर की साइबर टीम ने कार्रवाई करते हुए पीड़ित के बैंक खाते में ₹6,000 की धनराशि वापस कराई है। पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर ठगी के शिकार पीड़ित को राहत मिली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना मनियर के मनोरथपुर निवासी हरिशंकर राजभर पुत्र माया राजभर के बैंक खाते से 17 नवंबर 2025 को धोखाधड़ी के माध्यम से ₹30,000 निकाल लिए गए थे। ठगी की जानकारी होने पर पीड़ित ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल और स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस अधीक्षक बलिया डॉ. ईराज राजा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) एवं नोडल साइबर सेल संजय वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र के मार्गदर्शन में थाना मनियर की साइबर टीम ने मामले में कार्रवाई की। संबंधित बैंकिंग संस्थाओं और तकनीकी माध्यमों की सहायता से ठगी की गई ₹30,000 की कुल धनराशि में से ₹6,000 को होल्ड कराया गया।
इसके बाद मनी रेस्टोरेशन पोर्टल पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106(3) के तहत आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर 21 अक्टूबर 2026 को होल्ड की गई ₹6,000 की धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई।
धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित हरिशंकर राजभर ने बलिया पुलिस और थाना मनियर की पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।









