बृजेश मिश्र, पूर्वांचल प्रेस – मऊ।
हरियाणा के जींद में बिशनपुरा गांव में पशु डेयरी की दीवार गिरने से 55 वर्षीय मजदूर की मलबे में दबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान उतर प्रदेश के मऊ जिला के नियामतपुर गांव निवासी शंभु के तौर पर हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में रखवा दिया। इस दौरान साथ काम कर रहा मजदूर घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार शंभु व उसका साथी राकेश बिशनपुरा गांव में डेयरी की दीवार पर पानी का छिड़काव कर रहे थे। इस दीवार की मिस्त्री द्वारा लिपाई करनी थी। दीवार को कच्ची मिट्टी के साथ बनाया (चीना) जा रहा था। इसी कारण दीवार गिर गई और वहां पर काम कर रहा शंभु नीचे दब गया।
शंभु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ काम करने वाला मजदूर राकेश घायल हो गया। पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर लिए हैं। मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है।