बृजेश मिश्र, पूर्वांचल प्रेस मऊ।
मधुबन में अमर शहीद जयराम यादव को दी गई श्रद्धांजलि: विधायक बोले- हमें अपने वीर सपूत पर है नाज, 2004 में हुए थे शहीद।
29 साल की उम्र में वीरगति को प्राप्त मधुबन तहसील क्षेत्र के सिकड़ीकोल निवासी अमर शहीद लांस नायक जयराम यादव की 19वीं पुण्यतिथि बुधवार को मनाई गयी। दरगाह के सिकड़ीकोल मोड़ पर स्थापित शहीद के प्रतिमा स्थल के प्रांगण में आयोजित एक कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधयों साहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता ने अमर शहीद जयराम यादव के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
बीते दिनों घोसी विधानसभा के उपचुनाव में नवनिर्वाचित विधायक सुधाकर सिंह ने अमर शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले इस वीर सपूत को नमन करते हुए उनके योगदान की सराहना की। ज्ञात हो कि मधुबन तहसील क्षेत्र के ग्रामसभा सिकड़ीकोल के खजुहा में 1975 में जन्मे लांस नायक जयराम यादव 27 सितम्बर 2004 को मात्र 29 साल की उम्र में देश की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे।
अमर शहीद लांस नायक जय राम यादव की पुण्यतिथि कार्यक्रम में उपस्थित भीड़ को संबोधित करते हुए घोसी विधायक सुधाकर सिंह ने कहा कि देश की रक्षा के लिए सेना में भर्ती होना एक बड़ी बात है। देश की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त होने का अवसर कुछ भाग्यशाली जवानों को ही प्राप्त होता है। अमर शहीद जयराम यादव उनमें से एक थे। हम सबको अपने क्षेत्र के इस वीर सपूत पर नाज है। भले ही वह आज हम सबके बीच नहीं हैं मगर हम सब की यादों में वह हमेशा जिंदा रहेंगे।
कार्यक्रम के आयोजक पूर्व ब्लाक प्रमुख रामकृपाल सिंह ने कार्यक्रम में आए सभी लोगों के प्रति आभार प्रकट किया। संचालन सीताराम यादव ने किया। इससे पहले बिरहा गायकों ने गीत संगीत के माध्यम से अमर शहीद को श्रद्धांजलि देने का कार्य किया। मऊ सपा जिला अध्यक्ष दूधनाथ यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष बलिया अद्याशंकर यादव,जिपं सदस्य दरगाह अशफाक आलम, ग्राम प्रधान लक्ष्मण वर्मा, सुनील मौर्य, सुहैल अहमद, मनोज कुमार सिंह, राघवेंद्र यादव बबलू, सुजीत गुप्त सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।