मऊ में मधुबन तहसील अंतर्गत गांव सिकड़ीकोल निवासी दुर्गेश सिंह पुत्र रवींद्र सिंह का चयन मौसम विज्ञान विभाग चेन्नई में वैज्ञानिक सहायक के रूप में हुआ है। इस सूचना से गांव सहित पूरे तहसील क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। दुर्गेश के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। दुर्गेश की इस सफलता से गदगद गांव के लोगों का कहना है कि अपनी इस सफलता से दुर्गेश ने हम सबको गौरवान्वित किया है। अपने होनेहार लाडले पर हम सबको नाज है। ज्ञात हो कि दुर्गेश सिंह ने अपनी 12वीं तक की पढ़ाई
मधुबन के पांती रोड स्थित बीपीएस पब्लिक इंटर कालेज से की है। इंटर पास होने के बाद उसने एनआईटी इलाहाबाद से बीटेक किया और फिर दिल्ली में रह कर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में जुट गया। बीपीएस पब्लिक इंटर कालेज के प्रबंधक राम नारायण सिंह ने बताया कि दुर्गेश सिंह प्रारंभ से ही मेधावी विद्यार्थी होने के साथ साथ बहुत ही अनुशासित छात्र रहा है।
उसकी कठोर परिश्रम व लगन की ही देन है कि उसे आज यह सफलता मिली है। अब वह सहायक वैज्ञानिक बनकर मौसम विज्ञान विभाग में अपना योगदान देगा। आज उसकी इस सफलता पर पूरा विद्यालय परिवार ख़ुशी से फूले नहीं समा रहा है। दुर्गेश की इस सफलता पर डॉ. रविन्द्र नाथ सिंह, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य भूल्लन सिंह, बी एन सिंह सहित कई लोगों ने उसके आवास पर पहुंचकर अंग वस्त्र एवं माला भेंट कर उसका स्वागत किया।
डॉ. रविन्द्र नाथ सिंह ने कहा कि यह क्षेत्र के लिए बहुत ही गौरव का क्षण है। मधुबन तहसील क्षेत्र के लिये यह कितने गर्व की बात है कि इस क्षेत्र का एक होनहार अब वैज्ञानिक के रूप मे देश की सेवा करेगा। दुर्गेश की इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि यदि मन में सच्ची लगन हो और जीवन में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो मंजिल को जरूर प्राप्त किया जा सकता है।