Search
Close this search box.

दूसरी पत्नी को फोनकर थाने के बाहर पीया कीटनाशक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सूर्यकान्त सिंह, पूर्वांचल प्रेस, गोरखपुर।

गोरखपुर महिला थाने में उस समय हड़कंप मच गया जब काउंसिलिंग को बुलाए गए एक युवक ने कीटनाशक पी लिया। दरअसल उसने दो शादी की है। पहली पत्नी की ओर से महिला थाने में शिकायत की गई थी। उसे काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया था। साथ ही दूसरी पत्नी को लाने का भी निर्देश था।

दूसरी पत्नी को फोन करने के साथ ही युवक ने कीटनाशक पी लिया। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। अब दोनों पत्नियां मिलकर उसकी तीमारदारी में जुटी हैं।

राजन खजनी थाना क्षेत्र के एनवा का रहने वाला है। उसकी स्थानीय बाजार में इलेक्ट्रानिक की दुकान है। 17 अप्रैल 2019 को उसकी शादी कौड़ीराम क्षेत्र के उचेर निवासी चंदा से हुई थी। दोनों के दो बच्चे भी हैं।

इसी बीच एक फाइनेंस कंपनी में काम करने वाली लड़की से उसकी मुलाकात हुई। बाद में उससे भी राजन ने शादी कर ली। दूसरी पत्नी भी गर्भवती हो गई तो पहली पत्नी ने राजन की शिकायत थाने में की।

पहली पत्नी ने साथ रहने के लिए की शिकायत

पहली पत्नी चंदा ने राजन के साथ रहने के लिए महिला थाने में उसकी शिकायत की। पुलिस ने राजन को गुरुवार को काउंसिलिंग के लिए बुलाया था। समझा-बुझाकर समझौता कराने के लिए दूसरी पत्नी को भी लाने को कहा गया था।

राजन को लगा कि मामला कहीं उलझ न जाए। उसने दूसरी पत्नी को फोन तो किया लेकिन दोपहर बाद उसने थाने के गेट पर की कीटनाशक पी लिया। खेती में प्रयोग किया जाने वाला सितारा 505 कीटनाशक वह साथ लेकर आया था।

पुलिस के भी फूल गए हाथ-पांव

थाने के गेट पर कीटनाशक पीने की जानकारी हुई तो पुलिस के भी हाथ-पांव फूल गए। उसे जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। उसकी स्थिति अब खतरे से बाहर है।उसके साथ अस्पताल में दोनों पत्नियां व कुछ रिश्तेदार हैं। दोनों पत्नियां अपनी बात बेबाकी से रख रही हैं। उनका कहना है कि आपस में उनका कोई झगड़ा नहीं है।

प्रेम संबंध में लाकप में रह चुका है राजन

जहां राजन की दुकान थी, वहीं सिकरीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की लड़की फाइनेंस कंपनी में काम करने आयी थी। कई बार मुलाकात के बाद दोनों में प्रेम संबंध हो गया। राजन ने यह नहीं बताया था कि वह शादीशुदा है।

इस प्रेम संबंध के बारे में पहली पत्नी को भी नहीं पता था। उस समय लड़की नाबालिग थी। जब वह गर्भवती हो गई तो उसके घर वालों ने सिकरीगंज थाने में राजन पर दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने उसे लाकप में बंद किया था।

जानकारी हुई तो पक्ष में दिया बयान

जब लड़की को यह जानकारी हुई कि उसके घर वालों ने राजन के खिलाफ केस दर्ज कराया है तो उसने उसके पक्ष में बयान दिया। जिसके बाद पुलिस ने राजन को छोड़ दिया। पिछले साल दोनों ने मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद दूसरी पत्नी को पहली शादी के बारे में जानकारी हुई। वह एक बार फिर गर्भवती है। दूसरी शादी की जानकारी होने के बाद लगातार चंदा बात करने की कोशिश करती रही। उसने पति को समझाने के लिए ही थाने में शिकायत की थी।

Leave a Comment

और पढ़ें

  • Buzz4 Ai
  • Buzz Open / Ai Website / Ai Tool