बृजेश मिश्र, पूर्वांचल प्रेस, मऊ।
मऊ में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसियों ने अमित शाह का पुतला भी फूंकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने इस प्रयास को नाकाम कर दिया। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करते हुए अमित शाह के बयान का विरोध किया।
आपको बता दें कि बीते मंगलवार को राज्यसभा में संविधान पर चर्चा करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने बाबा साहेब डॉ.
भीमराव अंबेडकर का जिक्र किया था, जिसके बाद यह बयान विवादों में घिर गया। इसी बयान के विरोध में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और पुतला फूंकने की नाकाम कोशिश की।
पुलिस ने छीना पुतला
इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में पहले से दो थानों की फोर्स मौजूद थी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने स्थिति को बिगड़ते देखा तो भीड़ को तीतर-बितर कर दिया। जब प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने शाह का पुतला फूंकने का प्रयास किया तो पुलिस ने पुतला छीन लिया। इस दौरान कांग्रेसियों की पुलिस से धक्का-मुक्की भी हो गयी।
कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और अमित शाह को गृहमंत्री के पद से इस्तीफा देने की मांग की। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सहित अन्य नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि अमित शाह ने ऐसा कृत्य फिर से किया, तो पार्टी और उसके कार्यकर्ता इसका विरोध जारी रखेंगे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अमित शाह ने डॉ. अंबेडकर का अपमान किया है, जो समाज में समरसता लाने के लिए संविधान निर्माता थे।
