बृजेश मिश्र, पूर्वांचल प्रेस - मऊ
मऊ की घोसी लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए हमले की आलोचना की है। मऊ में समाजवादी पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने उनका फूलमालाओं से स्वागत किया।
राय ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जो देश दूसरों को सलाह देता है, वह खुद ऐसे काम कर रहा है जिससे खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में संयुक्त राष्ट्र को संज्ञान लेना चाहिए और तत्काल रोक लगनी चाहिए।सांसद ने पाकिस्तान को दुनिया का सबसे बड़ा आतंकी गिरोह बताया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने पहले तालिबान को नुकसान पहुंचाया और अब अमेरिका के साथ मिलकर ईरान को निशाना बना रहा है। राय ने बताया कि वह ऑपरेशन सिंदूर के बाद कई देशों में भारत के प्रतिनिधि के रूप में गए थे।
उन्होंने मुस्लिम देशों से अपील की कि उन्हें पाकिस्तान जैसे देश का साथ छोड़कर भारत जैसे देश के साथ खड़ा होना चाहिए। राय ने कहा कि पाकिस्तान इस्लाम के नाम पर बना, लेकिन वह इस्लाम का सबसे बड़ा दुश्मन है। उन्होंने कश्मीर, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ईरान में मुसलमानों की हत्याओं के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया।
