20 नवंबर से शुरू होगा ईवीएम-वीवीपैट जागरूकता अभियान
विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, जिले में आठ स्थानों पर लगेंगे ईवीएम प्रदर्शन केंद्र
बलिया। विधानसभा सामान्य निर्वाचन- 2027 की तैयारियों के तहत जिले में ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के प्रदर्शन और मतदाता जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत 20 नवंबर 2026 से होगी। यह कार्यक्रम विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने तक संचालित किया जाएगा। इसके लिए जिला मुख्यालय सहित सभी सात विधान सभा क्षेत्रों में ईवीएम प्रदर्शन केंद्र (ईडीसी) स्थापित किए गए हैं।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के माध्यम से मतदान की प्रक्रिया की जानकारी देने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। इसके तहत जिला निर्वाचन कार्यालय और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी मुख्यालय स्तर पर प्रदर्शन केंद्र बनाए गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट बलिया में प्रदर्शन केंद्र स्थापित होगा। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र 357-बेल्थरारोड (अजा) के लिए तहसील मुख्यालय बेल्थरारोड, 358- रसड़ा के लिए तहसील मुख्यालय रसड़ा, 359-सिकंदरपुर के लिए तहसील मुख्यालय सिकंदरपुर, 360-फेफना और 361-बलिया नगर के लिए तहसील सदर मुख्यालय बलिया, 362-बांसडीह के लिए तहसील मुख्यालय बांसडीह तथा 363-बैरिया के लिए तहसील मुख्यालय बैरिया में प्रदर्शन केंद्र संचालित होंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी ईवीएम प्रदर्शन केंद्र प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक खुले रहेंगे। प्रत्येक केंद्र पर ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के साथ मास्टर ट्रेनर मौजूद रहेंगे, जो लोगों को मतदान की प्रक्रिया का प्रदर्शन कर उसकी जानकारी देंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी नागरिकों और मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने नजदीकी ईवीएम प्रदर्शन केंद्र पर पहुंचकर मशीनों के माध्यम से मतदान की प्रक्रिया को समझें और जागरूकता कार्यक्रम का लाभ उठाएं।







