मछलीशहर जौनपुर-मछलीशहर नगर के मरियाहू रोड स्थित
इंद्रावती हॉस्पिटल अस्पताल में इलाज के दौरान एक प्रसूता की हालत बिगड़ने पर उसे आनन-फानन में जौनपुर रेफर कर दिया गया,जहां पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है,वहीं परिजनों में आक्रोश व्याप्त है।बताया जा रहा है कि प्रसव के दौरान महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी,लेकिन अस्पताल में पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण उसे रेफर कर दिया गया।आरोप है कि अस्पताल संचालक मामले को दबाने और परिजनों को “सलाह” के नाम पर बरगलाने में जुटे रहे, जबकि महिला की जान जा चुकी थी।

मछलीशहर क्षेत्र में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन प्रसूताओं और मरीजों की मौत की घटनाएं सामने आती रहती हैं,लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होती।यही कारण है कि बिना पर्याप्त संसाधन और विशेषज्ञ डॉक्टरों के कई अस्पताल धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं।घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है,ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।









